महीडबरा से बांटी पथरा तक बनेगी 2.50 किमी सड़क, विधायक भावना बोहरा ने ₹2.69 करोड़ के निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित महीडबरा से बांटी पथरा सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। विधायक भावना बोहरा ने 2.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 2.50 किलोमीटर सड़क का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर और बारहमासी सड़क सुविधा प्रदान करेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी।
UNITED NEWS OF ASIA . सौरभ नामदेव, कवर्धा l पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक भावना बोहरा ने महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि पंडरिया विधानसभा में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। यह सड़क निर्माण कार्य भी उसी विकास यात्रा का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है। सड़क बनने के बाद महिडबरा, बांटीपथरा, दमगढ़, ताईतिरनी, अमलीटोला, घोघरा, नेउर कुशियारी, उतका और तिलियापानी सहित कई गांवों के लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि सुरक्षित और मजबूत सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की आधारशिला है। बेहतर सड़कें बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के प्रत्येक गांव को सर्व मौसम सड़क संपर्क से जोड़ना है।
भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 500 किलोमीटर सड़क निर्माण और उन्नयन के कार्य विभिन्न चरणों में चल रहे हैं। इनमें वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आज वन क्षेत्रों में 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्यों के माध्यम से ऐसे गांवों को जोड़ा जा रहा है, जहां पहले पहुंचना कठिन था।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही बिजली, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। बारिश के मौसम में आवागमन की कठिनाइयों से जूझने वाले ग्रामीणों को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बसंत वाटिया, रतिराम भट्ट, पार्वती सुनहले, बिंदा पनागर, राम गोपाल वट्टी, मोहित मरावी, पंडराम सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए विधायक भावना बोहरा और सरकार का आभार व्यक्त किया।