भागलपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: युवक की हत्या कर कटर से किए तीन टुकड़े, सिर और पैर गंगा में फेंके
बिहार के भागलपुर के नाथनगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। लापता युवक की बेरहमी से हत्या कर शव के तीन टुकड़े किए गए, जबकि सिर और पैर गंगा नदी में फेंक दिए गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. भागलपुर | बिहार बिहार के भागलपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। नाथनगर थाना क्षेत्र में 23 दिसंबर से लापता एक युवक की न सिर्फ बेरहमी से हत्या की गई, बल्कि उसके शव के टुकड़े कर दिए गए। इस जघन्य हत्याकांड ने पुलिस और आम लोगों दोनों को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो कहलगांव के मकससपुर का रहने वाला था और इन दिनों अपने मामा के घर नाथनगर आया हुआ था। परिजनों ने 24 दिसंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार शाम को राघोपुर पंचायत के शाहपुर पुलिया के पास एक संदिग्ध प्लास्टिक का बोरा मिलने से मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
जब पुलिस ने बोरे को खोला तो भीतर का दृश्य भयावह था। अभिषेक के शव को तीन हिस्सों में काटा गया था। बोरे में केवल धड़ मौजूद था, जबकि सिर और दोनों पैर गायब थे। शव के हाथ मोटी नायलॉन की रस्सी से बंधे हुए थे और उसे उसकी जैकेट में जिप लगाकर छिपाया गया था। शव को भारी बनाने के लिए बोरे में मिट्टी और बालू भी भरी गई थी।
कटर मशीन से किए गए शव के टुकड़े
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर निवासी राधे, ऋतिक और आयुष को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासे किए, वे और भी डरावने हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि अभिषेक को पकड़ने के बाद उसकी जांघ में गोली मारी गई, ताकि वह भाग न सके। इसके बाद बिजली से चलने वाली कटर मशीन से उसके शरीर के टुकड़े किए गए। सबूत मिटाने के लिए सिर और दोनों पैरों को पास की गंगा नदी में फेंक दिया गया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अभिषेक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बेटे की तलाश इतनी भयावह सच्चाई पर खत्म होगी।
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद नाथनगर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सिटी एसपी और डीएसपी खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की टीमें गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में मृतक के सिर और पैरों की तलाश कर रही हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद जल्द ही पूरे मामले और साजिश का खुलासा किया जाएगा।