भव्य और गरिमामय रूप से आयोजित होगा गणतंत्र दिवस समारोह, सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने तैयारियों का लिया जायजा

बालोद में 26 जनवरी 2026 को स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य बनाने के निर्देश सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा।

Jan 21, 2026 - 18:03
 0  22
भव्य और गरिमामय रूप से आयोजित होगा गणतंत्र दिवस समारोह, सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने तैयारियों का लिया जायजा

UNITED NEWS OF ASIA.परस साहू, बालोद। जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद द्वारा जारी समाचार के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद के स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह को भव्य एवं गरिमामय रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी ने आज कार्यक्रम स्थल स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम पहुँचकर गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीईओ  चंद्रवंशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मंच व्यवस्था, अतिथियों एवं आमजन के लिए बैठक व्यवस्था, गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदर्शित की जाने वाली विभिन्न विभागों की झांकियों के निर्माण, पुरस्कार वितरण की व्यवस्था, परेड की तैयारी, साउंड सिस्टम, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और एकता का प्रतीक है। इसलिए इस आयोजन को अनुशासित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान सीईओ  चंद्रवंशी ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों को समारोह से जोड़ने के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय पर्व में सहभागी बन सकें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा, अनुविभागीय दंडाधिकारी नूतन कंवर, डिप्टी कलेक्टरप्राची ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं, ताकि 26 जनवरी को बालोद जिले में यह राष्ट्रीय पर्व पूरे गौरव, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा सके।