अवैध शराब कारोबार पर बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आबकारी एक्ट के तहत 9 प्रकरण दर्ज

बालोद पुलिस ने "मिशन नवचेतना" के तहत अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में 9 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए 88 पौवा, 15 अद्धी शराब, दो मोटरसाइकिल और बिक्री की रकम जब्त की गई।

Jul 27, 2026 - 12:28
 0  25
अवैध शराब कारोबार पर बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आबकारी एक्ट के तहत 9 प्रकरण दर्ज

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संचालित "मिशन नवचेतना" के तहत 26 जुलाई 2026 को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज कर 9 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार दर्ज मामलों में 3 प्रकरण अवैध शराब बिक्री, 2 प्रकरण शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 4 प्रकरण सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन से संबंधित हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 88 पौवा, 15 अद्धी शराब, दो मोटरसाइकिल और ₹240 की बिक्री रकम जब्त की।

थाना राजहरा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास वार्ड क्रमांक 27 में दबिश देकर आरोपी नारायण देवांगन को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 पौवा (करीब 9 लीटर) देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4,000 बताई गई।

इसी तरह थाना बालोद पुलिस ने ग्राम झलमला और पाररागांव के बीच मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए जगेश्वर सोनकर को मोटरसाइकिल की डिक्की में शराब रखकर बिक्री करते हुए पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के पास से 23 पौवा (4.140 लीटर) गोवा अंग्रेजी शराब, ₹240 की बिक्री रकम तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-24-R-9832 जब्त की।

एक अन्य कार्रवाई में थाना बालोद पुलिस ने पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पीछे पगडंडी मार्ग पर आशीष शर्मा को मोटरसाइकिल में शराब रखकर बिक्री करते गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15 अद्धी (5.625 लीटर) देशी प्लेन शराब और मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JE-4173 जब्त की गई।

वहीं थाना लोहारा पुलिस ने धान मंडी चौक में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में बीसनाथ प्रजापति और द्वारिका देवांगन के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

इसके अलावा थाना देवरी और थाना लोहारा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए गए भूषण लाल रावटे, राजीव देवांगन, लिखन कुमार रावटे और समारू राम निर्मलकर के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 50 पौवा देशी प्लेन शराब, 23 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब, 15 अद्धी देशी प्लेन शराब, ₹240 की बिक्री राशि तथा दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बालोद पुलिस ने कहा कि "मिशन नवचेतना" के तहत जिले में नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री हो रही हो अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सतत कार्रवाई के माध्यम से जिले में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।