बालको ने फर्जी वेबसाइट और ई-मेल से सावधान रहने की दी चेतावनी

बालको ने नागरिकों, कर्मचारियों और व्यावसायिक साझेदारों से फर्जी वेबसाइट, डोमेन और ई-मेल के जरिए होने वाली साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत ई-मेल आईडी पर ही भरोसा किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन माध्यम की सूचना तत्काल कंपनी को दी जाए।

Jul 7, 2026 - 18:08
 0  2
बालको ने फर्जी वेबसाइट और ई-मेल से सावधान रहने की दी चेतावनी

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने नागरिकों, कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य हितधारकों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह जारी की है। कंपनी ने कहा है कि उसके नाम, ब्रांड, उत्पादों और सेवाओं से मिलते-जुलते फर्जी डोमेन, वेबसाइट और ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को गुमराह करने तथा संवेदनशील जानकारी हासिल करने के प्रयास किए जा सकते हैं।

बालको प्रबंधन के अनुसार साइबर अपराधी ऐसे ई-मेल और वेबसाइट तैयार कर रहे हैं, जो देखने में कंपनी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म जैसे प्रतीत होते हैं। इनका उद्देश्य व्यक्तिगत, वित्तीय और व्यावसायिक जानकारी चुराना, मैलवेयर फैलाना अथवा अन्य प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देना हो सकता है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी फर्जी डोमेन, वेबसाइट या ई-मेल का बालको से कोई संबंध या आधिकारिक मान्यता नहीं है।

कंपनी ने बताया कि उसकी एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट www.balcoindia.com है तथा कंपनी के सभी अधिकृत ई-मेल केवल @vedanta.co.in डोमेन से ही जारी किए जाते हैं। यदि किसी ई-मेल का डोमेन इससे अलग हो या कोई वेबसाइट किसी अन्य पते से संचालित हो रही हो, तो उसे संदिग्ध मानते हुए उस पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।

बालको ने सभी हितधारकों से आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की गोपनीय, व्यक्तिगत, वित्तीय अथवा व्यावसायिक जानकारी साझा करने से पहले संबंधित वेबसाइट और ई-मेल की प्रामाणिकता अवश्य जांच लें। कंपनी से संबंधित किसी भी सेवा, सूचना या संवाद के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।

कंपनी ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बालको के नाम से संचालित कोई संदिग्ध वेबसाइट, डोमेन या ई-मेल प्राप्त होता है, तो उसकी जानकारी तत्काल कंपनी की सुरक्षा टीम को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और अन्य लोगों को भी संभावित साइबर ठगी से बचाया जा सके।

बालको प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी फर्जी, अनधिकृत या तीसरे पक्ष द्वारा संचालित वेबसाइट, डोमेन अथवा ई-मेल के माध्यम से किए गए लेन-देन या संपर्क से होने वाले नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी। कंपनी ने सभी नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करने की अपील की है।