ग्राम औरी में अमृत सरोवर का लोकार्पण, 3 करोड़ लीटर जल संग्रहण क्षमता से मजबूत होगी जल सुरक्षा
पाटन विकासखंड के ग्राम औरी में लगभग 3 करोड़ लीटर जल संग्रहण क्षमता वाले अमृत सरोवर का लोकार्पण सांसद विजय बघेल ने किया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और ग्रामीण विकास का संदेश दिया गया। वृक्षारोपण और वरुण पूजा महायज्ञ का भी आयोजन हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम औरी में लगभग साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित अमृत सरोवर का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। लगभग 3 करोड़ लीटर जल संग्रहण क्षमता वाला यह सरोवर क्षेत्र में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे। इस अवसर पर संजय बघेल, कीर्ति नायक, कमलेश वर्मा, नीलम चंद्राकर, कस्तूरी बंजारे, पवन शर्मा, तृप्ति चंद्राकर, भागचंद जैन, राजा पाठक, राजेश चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, संदीप चंद्राकर तथा ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण पूजा महायज्ञ आयोजित किया गया। सांसद विजय बघेल अपने परिवार के साथ यज्ञ में शामिल हुए और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा तथा जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय बघेल ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जलाशय नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर शुरू की गई अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य गांवों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना और जल संसाधनों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले गांवों के तालाब ही जीवन और पेयजल का प्रमुख स्रोत हुआ करते थे और आज फिर जल संरक्षण की इसी परंपरा को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, संचेती फाउंडेशन तथा एसएमएस लिमिटेड के सहयोग से यह कार्य केवल एक माह के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि यही निर्माण पूरी शासकीय प्रक्रिया से कराया जाता तो इसकी लागत एक करोड़ रुपये से अधिक होती। इस परियोजना को सफल बनाने में लिलेश देशमुख, राघवेन्द्र, राजेश सिंह, भूपेंद्र यादव, अजय पाणीकर और देवेंद्र यादव सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "हर आंगन एक पेड़" अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। आर्टकॉम संस्था के सहयोग से अमृत सरोवर परिसर तथा मुक्तिधाम में पीपल, बरगद, नीम और आम के पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने अमृत सरोवर को गांव के विकास, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके संरक्षण का संकल्प भी लिया।