रायपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम की कार्रवाई, 15,700 रुपये का जुर्माना

रायपुर नगर निगम के जोन-5 स्वास्थ्य विभाग ने जनशिकायत के आधार पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लक्ष्मी ट्रेडर्स, ओम ट्रेडर्स सहित कई दुकानों और ठेलों पर कुल 15,700 रुपये का ई-चालान जारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।

Jul 25, 2026 - 15:27
 0  3
रायपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम की कार्रवाई, 15,700 रुपये का जुर्माना

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर निगम के जोन-5 स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों और ठेला संचालकों पर कुल 15,700 रुपये का ई-चालान जारी किया। यह कार्रवाई प्राप्त जनशिकायत के आधार पर की गई, जिसमें संबंधित क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और बिक्री की सूचना मिली थी।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-5 की टीम ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान सबसे पहले लाखेनगर चौक स्थित लक्ष्मी ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर दुकान संचालक पर 2,000 रुपये का ई-चालान किया गया और प्लास्टिक सामग्री जब्त कर ली गई।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम रायपुरा चौक स्थित ओम ट्रेडर्स पहुंची। यहां भी निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर 2,000 रुपये का ई-चालान जारी किया गया। अधिकारियों ने दुकानदार को भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग या बिक्री नहीं करने की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण अभियान के दौरान अन्य दुकानदारों और ठेला संचालकों के यहां भी प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिलने पर कार्रवाई की गई। इन सभी पर मिलाकर 11,700 रुपये का अतिरिक्त ई-चालान किया गया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल 15,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा उसके स्थान पर कपड़े, कागज या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए जनसहभागिता और जागरूकता दोनों आवश्यक हैं।

कार्रवाई के दौरान जोन-5 स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और दिलीप भारती मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम को जहां-जहां से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग की शिकायतें मिलेंगी, वहां नियमित रूप से औचक निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना निगम को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।