कुकदुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई पान दुकान चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना पुलिस ने पान दुकान में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गई नकदी और अन्य सामान बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

Jul 12, 2026 - 16:46
 0  4
कुकदुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई पान दुकान चोरी, शातिर चोर गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना पुलिस ने पान दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोदवागोडान निवासी शिवराम प्रजापति ने 11 जुलाई को थाना कुकदुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बाजार चौक में पान दुकान संचालित करता है। 10 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद जब वह अगली सुबह दुकान पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के भीतर रखा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी करीब 5 हजार रुपये की नकदी के साथ पान मसाला, गुटखा, बिस्कुट, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक और पानी की पेटियां चोरी हो चुकी थीं। कुल चोरी गए सामान की कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई।

शिकायत दर्ज होने के बाद कुकदुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह ग्राम कामठी निवासी राजेश्वर उर्फ रज्जू चेचाम पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले दुकान की रेकी की थी और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान का ताला तोड़कर नकदी एवं अन्य सामान चोरी किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई नकदी और अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, बिसेन चंद्रवंशी तथा आरक्षक सुनील नायक और कृष्णकुमार धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कुकदुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।