अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, पदाधिकारियों ने किया नमन

छिंदवाड़ा जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव और सांसद विवेक बंटी साहू ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ अटलजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Aug 17, 2026 - 15:45
 0  5
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, पदाधिकारियों ने किया नमन

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जिला भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव और सांसद विवेक बंटी साहू ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा दी। वे कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले जननेता थे।

शेषराव यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन, विनिवेश मंत्रालय की स्थापना और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास के लिए विशेष विभाग की स्थापना जैसी पहल हुईं। इन प्रयासों का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों के विकास को गति देना था।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में सर्व शिक्षा अभियान को व्यापक स्तर पर लागू करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, ग्रामीण विकास तथा बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली। इन योजनाओं ने दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अटलजी का जीवन और राजनीतिक दर्शन आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और देश के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय राजनीति में मर्यादा, संवाद और सिद्धांतों की मिसाल कायम की। अटलजी ने देश को विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि अटलजी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में विधायक राजा कमलेश शाह, जिला महामंत्री विजय पांडे, कमलेश उईके, कार्यालय मंत्री भारत घई, अनिल गुप्ता, धर्मेन्द्र मिगलानी, विजेन्द्र चौहान, ललिता वर्मा, दिन्शु यादव, डॉ. कृष्णा हरजानी, दीपक कोल्हे, अभिलाष गोहर, अर्पण मैद, राकेश माइकल पहाड़े सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।