मानदारी और अच्छा व्यवहार रखें, जनसेवा को प्राथमिकता दें: उप मुख्यमंत्री अरुण साव 44 हैंडपंप तकनीशियनों को मिला नियुक्ति पत्र, पेयजल समस्या समाधान हेतु 1916 हेल्पलाइन जारी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 44 नवनियुक्त हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए ईमानदारी और जनसेवा के साथ कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में पेयजल समस्या समाधान के लिए नया हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में जनता के साथ अच्छा व्यवहार और ईमानदारी सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए। उन्होंने यह बात आज व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा चयनित 44 नए हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कही। यह कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित किया गया।
उप मुख्यमंत्री साव ने सभी नवनियुक्त तकनीशियनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन आप सभी के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। शासकीय सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज आप अपने सपनों को साकार होता देख रहे हैं, यह आपके परिवार के लिए भी गर्व का क्षण है।
साव ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि यह आपकी मंज़िल नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। आगे आपको नई जिम्मेदारियां, नई चुनौतियां और नया कार्यक्षेत्र मिलेगा। ऐसे में मानसिक रूप से स्वयं को तैयार रखें और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय नौकरी में ईमानदारी, अनुशासन और जनसंवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।
पेयजल समस्या समाधान हेतु हेल्पलाइन 1916 जारी
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नया हेल्पलाइन नंबर 1916 जारी किया। उन्होंने बताया कि इस नंबर के माध्यम से नागरिक हैंडपंप, नल-जल योजना और अन्य पेयजल संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने किया मार्गदर्शन
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने बताया कि प्रदेश में 29 हजार से अधिक नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 7 हजार से अधिक योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त तकनीशियन विभाग की जमीनी इकाई का अहम हिस्सा होंगे और फील्ड में प्रदेशवासियों की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम को विभाग के प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया और तकनीशियनों से गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।