UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर , रायपुर |रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गबन के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेल्समेन अभिषेक प्रधान को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने मालिक के 1 लाख 95 हजार रुपये हड़पने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, एम.जी. रोड स्थित “अशोक ब्रदर्स” नाम की सेनेटरी दुकान के संचालक राजेश अग्रवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अभिषेक प्रधान पिछले 4–5 वर्षों से उनकी दुकान में सेल्समेन और रिकवरी का काम करता था और उस पर पूरा भरोसा किया जाता था।
16 अगस्त 2025 को दुकान मालिक ने अभिषेक को 1,95,000 रुपये नकद आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने के लिए दिए थे, लेकिन उसने राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने उपयोग में खर्च कर ली और उसके बाद से फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उसके परिवार वालों ने थाना सिविल लाइन रायपुर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मेकाहारा गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास एक एक्टिवा वाहन भी मिला। जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने कबूल किया कि यह वाहन उसने बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र से चोरी किया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की एक्टिवा जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ मौदहापारा थाना में धारा 316(4) बीएनएस के तहत गबन और धारा 35(1)(4) बीएनएस के तहत वाहन चोरी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक प्रधान उर्फ बाबा (25 वर्ष) महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम जाडामुड़ा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के शंकर नगर क्षेत्र में रह रहा था।