छात्रावासी बच्चों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्मार्ट क्लास और प्रतियोगी परीक्षा की किताबें देने की घोषणा

कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचकर छात्रावासी बच्चों से मुलाकात की और उनकी पढ़ाई व करियर प्लानिंग पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य बनाकर पूरी लगन से मेहनत करने की प्रेरणा दी। छात्रों की जरूरतों को देखते हुए छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम लगाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराने तथा लाइब्रेरी में इंटरनेट युक्त कंप्यूटर देने के निर्देश दिए। एक छात्र की आंखों की समस्या की जानकारी मिलने पर रायपुर में उपचार कराने के निर्देश भी दिए गए।

Aug 9, 2026 - 11:38
 0  5
छात्रावासी बच्चों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्मार्ट क्लास और प्रतियोगी परीक्षा की किताबें देने की घोषणा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचकर छात्रावासी बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और भविष्य की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में निवासरत प्रत्येक बच्चे से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्तर के विद्यार्थी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए अपने करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परिणाम की चिंता में समय व्यर्थ नहीं करना चाहिए और अपने प्रयासों में किसी तरह की कमी नहीं रखनी चाहिए।

विजय शर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पूरी मेहनत और समर्पण के साथ किए गए प्रयास सफलता की दिशा में जरूर ले जाते हैं। यदि किसी प्रयास में असफलता मिलती है, तो भी उस प्रयास से प्राप्त अनुभव भविष्य में किसी न किसी रूप में उपयोगी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।

छात्रों की करियर संबंधी तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री ने छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम लगाने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मार्ट क्लास में प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम के अनुसार अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ऑनलाइन क्लास से जुड़ने की सुविधा भी स्मार्ट क्लास में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

छात्रों ने बताया कि छात्रावास में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ स्नातक स्तर के छात्र भी रहते हैं। कई विद्यार्थी नीट, जेईई, लॉ, एसएससी, व्यापम और पीएससी जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस पर उप मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबों और मासिक पत्रिकाओं की जानकारी छात्रों से ली और अधिकारियों को छात्रावास की लाइब्रेरी में आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा से युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर तरीके से कर सकें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक आधारित शिक्षा का है और तकनीक का सही उपयोग समय बचाने के साथ तैयारी को भी मजबूत करता है।

मुलाकात के दौरान एक छात्र ने अपनी आंखों में समस्या की जानकारी उप मुख्यमंत्री को दी। विजय शर्मा ने संवेदनशील पहल करते हुए छात्र का रायपुर के अच्छे अस्पताल में उपचार कराने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक समन्वय के लिए सहायक आयुक्त को निर्देशित किया।

उप मुख्यमंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और छात्रों की जरूरतों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को बेहतर पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं देते हुए उपहार स्वरूप पेन दिए। बारिश के मौसम को देखते हुए छात्रावास में छात्रों के लिए छाते उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान पार्षद बिहारी धुर्वे, मनीराम साहू, चंदन पटेल, ईश्वरी धुर्वे, मनीराम छेदावी, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।