अम्बेडकर अस्पताल की इमरजेंसी में बदली प्रवेश व्यवस्था, गंभीर मरीजों को सीएमओ कक्ष से मिलेगा सीधा प्रवेश
रायपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय की इमरजेंसी सेवा में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सोमवार से ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 यानी कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर कक्ष से आपात मरीजों की एंट्री और पंजीयन होगा। प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे इमरजेंसी विभाग भेजा जाएगा। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और मरीजों व परिजनों की आवाजाही को सुगम बनाना है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय की इमरजेंसी सेवा में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था सोमवार से लागू होगी। इसके तहत गंभीर मरीजों को अब इमरजेंसी तक पहुंचने के लिए अस्पताल परिसर में मौजूद भीड़ के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं होगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नई व्यवस्था के तहत ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 यानी कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर कक्ष से आपात चिकित्सा की आवश्यकता वाले मरीजों की एंट्री और पंजीयन किया जाएगा। सीएमओ कक्ष में मरीज की प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर और तत्काल उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे आपात चिकित्सा विभाग में भेजा जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था से गंभीर मरीजों को इमरजेंसी तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने तथा इमरजेंसी क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
बताया गया है कि कुछ वर्ष पहले तक अस्पताल का आपात चिकित्सा विभाग इसी स्थान से संचालित होता था। समय के साथ मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई, जिसके कारण वर्तमान प्रवेश व्यवस्था में स्थानाभाव के चलते भीड़ की स्थिति बनने लगी थी। इसका असर मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही पर भी पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पूर्व निर्धारित प्रवेश एवं पंजीयन स्थल को फिर से व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है।
अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी के अनुमोदन के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर की अध्यक्षता में शनिवार को अधीक्षक कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों के सुचारू आवागमन और चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इससे पहले अस्पताल के राउंड के दौरान आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण उत्पन्न भीड़ और स्थानाभाव का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागाध्यक्षों और अधिकारियों के साथ चर्चा कर नई प्रवेश व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर के अनुसार नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मरीजों की भीड़ को नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को तत्काल आपात चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना और मरीजों तथा उनके परिजनों की आवाजाही को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू करते समय आपातकालीन सेवाओं की निरंतरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों के प्रवेश, पंजीयन और आवागमन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यदि व्यवस्था में किसी तरह की समस्या सामने आती है या मरीजों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बदलाव की आवश्यकता महसूस होती है, तो उसके अनुसार आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इससे अस्पताल की इमरजेंसी सेवा में गंभीर मरीजों को अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।