प्रधानमंत्री आवास योजना से बुंदकी बाई का सपना हुआ पूरा, पक्के घर ने बदली जिंदगी

कबीरधाम जिले के ग्राम मिरमिटी की बुंदकी बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिलने से सुरक्षित आशियाना मिला है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली बुंदकी बाई को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण से शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली, पेयजल और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं का भी लाभ मिला है।

Oct 14, 2026 - 17:58
Oct 14, 2026 - 17:59
 0  2
प्रधानमंत्री आवास योजना से बुंदकी बाई का सपना हुआ पूरा, पक्के घर ने बदली जिंदगी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, तो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम पंचायत मिरमिटी की बुंदकी बाई की कहानी इसकी मिसाल है। पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं बुंदकी बाई मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती रही हैं। परिवार में कुल चार सदस्य हैं। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उनके लिए पक्का मकान बनाना मुश्किल था। कच्चे घर में रहते हुए बारिश और मौसम की विपरीत परिस्थितियों के दौरान परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से मिला सुरक्षित आशियाना

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिलने से बुंदकी बाई के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। अब उनका परिवार सुरक्षित घर में रह रहा है और मौसम की मार से बचाव के साथ बेहतर जीवन का अनुभव कर रहा है। उनके लिए यह मकान केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया है। बुंदकी बाई के अनुसार, पहले कच्चे मकान में रहने के कारण हर मौसम में चिंता बनी रहती थी। मजदूरी से परिवार चलाना ही मुश्किल था, इसलिए पक्का घर बनाना उनके लिए एक सपना था। आवास योजना से यह सपना पूरा हुआ और अब उनका परिवार सुरक्षित छत के नीचे जीवन बिता रहा है।

अन्य सरकारी योजनाओं से सुविधायुक्त जीवन

बुंदकी बाई के परिवार को पक्का मकान मिलने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण से भी लाभ मिला है। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 90 दिनों के रोजगार और मजदूरी राशि का लाभ मिलने से घर बनाने में सहायता मिली। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय की सुविधा उपलब्ध हुई, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाने के लिए स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना यानी सौभाग्य के माध्यम से बिजली कनेक्शन मिला और नल-जल योजना से पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई।

बिहान योजना से आजीविका के नए अवसर

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत बुंदकी बाई को स्व-सहायता समूह से जोड़ा गया है। इससे उन्हें समूह की गतिविधियों में भाग लेने, बचत करने और आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने का मौका मिला है। इसके अलावा स्वास्थ्य कार्ड और महतारी वंदन योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहायक बना है।

बुंदकी बाई की यह कहानी बताती है कि जब आवास, रोजगार, स्वच्छता, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ एक साथ मिलता है, तो जरूरतमंद परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव संभव होता है। पक्का घर मिलने से शुरू हुआ यह बदलाव अब उनके परिवार को सुरक्षित, सुविधायुक्त और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ने का आधार प्रदान कर रहा है।