रायपुर पुलिस ग्रामीण द्वारा होटल, लॉज एवं ढाबों की सतत चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विधानसभा अनुविभाग क्षेत्र के होटल, लॉज एवं ढाबों में लगातार आकस्मिक चेकिंग और निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम संचालकों को अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने, बाहर से आने वाले व्यक्तियों की पहचान दर्ज करने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दे रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विधानसभा अनुविभाग क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से होटल, लॉज एवं ढाबों की लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस टीमों द्वारा अलग-अलग प्रतिष्ठानों में आकस्मिक जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्वेता सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों द्वारा होटल, लॉज एवं ढाबों में नियमित रूप से पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इस दौरान संचालकों को प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि नहीं होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा विशेष रूप से अवैध रूप से शराब पिलाने, संदिग्ध व्यक्तियों के ठहरने तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने संचालकों को निर्देशित किया है कि बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पहचान पत्र देखकर संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
पुलिस टीमों द्वारा होटल, लॉज एवं ढाबों में रखे गए रजिस्टर तथा आगंतुकों की जानकारी का समय-समय पर सत्यापन भी किया जा रहा है। आकस्मिक चेकिंग के माध्यम से यह देखा जा रहा है कि संचालक निर्धारित नियमों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
पुलिस ने होटल, लॉज एवं ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को स्थान न दें। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आने या किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए होटल, लॉज एवं ढाबों की यह निगरानी और आकस्मिक चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।