सिविल अस्पताल कन्नौद से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 29 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

देवास जिले के कन्नौद में सिविल अस्पताल से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। 28 से 30 जून तक चलने वाले अभियान के दौरान विकासखंड के लगभग 29 हजार बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 258 पोलियो बूथ और विशेष मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।

Jun 28, 2026 - 17:20
 0  2
सिविल अस्पताल कन्नौद से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 29 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

UNITED NEWS OF ASIA. आदित्य श्रोत्रिय, देवास l देवास जिले के कन्नौद स्थित सिविल अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत उपाध्यक्ष संदीप धूत और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जोशी ने सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नवजात शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 30 जून तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विकासखंड कन्नौद में जन्म से पांच वर्ष तक आयु के लगभग 29 हजार बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन बच्चों को पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। इसके लिए आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मचारी संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे विकासखंड में 258 पोलियो बूथ स्थापित किए हैं। इसके अलावा बस स्टैंड पर ट्रांजिट टीम की तैनाती की गई है ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सके। वहीं खेतों में रहने वाले परिवारों तथा गिट्टी मशीनों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।

अभियान के दौरान पल्स पोलियो नोडल अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी दौलत पटेल ने कन्नौद के फोकल प्वाइंट का निरीक्षण किया और बूथ पर पहुंचकर नवजात शिशु को पोलियो की दवा पिलाई। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, पूर्व पार्षद विनोद मालवीय, आशीष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मलेरिया इंस्पेक्टर धर्मदास देवड़ा, बीईई दिनेश साहू, बीपीएम प्रदीप पवार, बीसीएम विनोद भावर, नर्सिंग ऑफिसर नवनिधि मेहरा, शोभा कुकड़े तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक अवश्य पिलाएं। अधिकारियों ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और सभी के सहयोग से ही बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।