जेवरा सिरसा में प्रवेशोत्सव का आयोजन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जेवरा सिरसा में संकुल एवं शाला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा पहली और छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जेवरा सिरसा में संकुल एवं शाला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच भुवनेश्वरी कुर्रे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरि ओम सार्वे ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य, अभिभावक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रवेशोत्सव के दौरान कक्षा पहली और कक्षा छठवीं में नवप्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर और पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का भी वितरण किया गया, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बिना किसी कठिनाई के हो सके। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में प्राचार्य किरण साहू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
प्रधान पाठक संध्या सेंगर ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं संकुल समन्वयक आनंद कुमार तिवारी ने नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों और विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के महत्व की जानकारी दी। प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्वेता ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और नवप्रवेशी बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।