डॉक्टर की पोस्टिंग के बावजूद हैदरपुर स्वास्थ्य केंद्र में नहीं पहुंचने का आरोप, ग्रामीण परेशान
नेपानगर के हैदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की पोस्टिंग के बावजूद उनके ड्यूटी पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों से स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए सीवल या नेपानगर जाना पड़ता है। बीएमओ ने डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगे जाने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन काटने की बात कही है।
UNITED NEWS OF ASIA. महेश किनगे, नेपानगर l ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियुक्ति की जाती है, लेकिन नेपानगर क्षेत्र के हैदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियुक्ति के बावजूद उनके ड्यूटी पर नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में पिछले तीन-चार वर्षों से नियमित रूप से डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते मरीजों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीवल या नेपानगर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार डॉ. हिमांशु चौधरी की पोस्टिंग पहले भी हैदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई थी। उस दौरान भी ग्रामीणों ने डॉक्टर को स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी करते हुए नहीं देखा। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने की बात कही गई है। अब एक बार फिर 7 अगस्त को डॉ. हिमांशु चौधरी का हैदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए आदेश जारी किया गया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर अब तक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हैं।
हैदरपुर ग्राम की सरपंच सरोज गवले और जनपद सदस्य शारदा चौहान ने बताया कि डॉक्टर के स्वास्थ्य केंद्र में नहीं आने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। सामान्य उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए भी मरीजों को सीवल या नेपानगर जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नियमित रूप से उपलब्ध रहें तो आसपास के गांवों के लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी डीके गुप्ता से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि डॉक्टर की नियुक्ति हुई है, लेकिन डॉक्टर यहां उपस्थित हैं या नहीं, इस बारे में वरिष्ठ अधिकारी ही जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह कुछ नहीं बता सकते।
वहीं, बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र जमाले ने फोन पर चर्चा में बताया कि डॉ. हिमांशु चौधरी का नेपानगर से अटैचमेंट 7 अगस्त को समाप्त कर उन्हें हैदरपुर के लिए किया गया था। इसके बाद डॉक्टर ने 17 अगस्त से 1 सितंबर तक ईएल अवकाश लिया था। बीएमओ ने कहा कि इस अवधि के दौरान डॉक्टर के उपस्थित नहीं होने के मामले में उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। यदि डॉक्टर द्वारा अनुपस्थिति का उचित कारण नहीं बताया जाता है तो नियमानुसार वेतन में कटौती की जाएगी।
इस मामले में सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र वर्मा से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि हैदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की उपलब्धता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।