कबीरधाम में मूलनिवासी संघ का जनआक्रोश प्रदर्शन, धर्म स्वातंत्र्य विधेयक समेत कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी

कबीरधाम में मूलनिवासी संघ के बैनर तले जनआक्रोश रैली और आमसभा आयोजित की गई। प्रदर्शनकारियों ने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026 वापस लेने, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर ज्ञापन सौंपा गया।

Jun 28, 2026 - 17:27
 0  9
कबीरधाम में मूलनिवासी संघ का जनआक्रोश प्रदर्शन, धर्म स्वातंत्र्य विधेयक समेत कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में मूलनिवासी संघ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में जनआक्रोश रैली एवं आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, जल-जंगल-जमीन, धार्मिक स्थलों और अन्य सामाजिक-राजनीतिक विषयों से जुड़ी मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

आयोजकों ने मांग की कि राज्य सरकार द्वारा लाए गए धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026 को वापस लिया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि मूलनिवासी समुदायों को जल, जंगल और जमीन से बेदखल किया जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने आदिवासी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

आमसभा के बाद प्रदर्शनकारी रैली के रूप में गांधी मैदान से कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत रैली को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ज्ञापन लेने के लिए प्रारंभ में कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर धरना दिया।

बाद में जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। आयोजकों के अनुसार प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल से शीघ्र चर्चा करने का आश्वासन भी दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष जनक लाल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मूलनिवासी संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमरजीत पटेल ने की। सभा को विभिन्न सामाजिक एवं जनसंगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और अपने विचार रखे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आदिवासी समुदाय, दलित, अल्पसंख्यक समाज, महिलाएं, किसान, श्रमिक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभा का संचालन मूलनिवासी संघ कवर्धा के अध्यक्ष डॉ. जे. अजीत ने किया।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजकों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार संबंधित स्तर पर भेजने और आगे चर्चा करने का आश्वासन दिया गया।