कबीरधाम में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, 1.13 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद

कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कवर्धा से किया गया। अभियान के तहत जिले के 1.13 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाई जाएगी। 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।

Jun 28, 2026 - 17:31
 0  2
कबीरधाम में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, 1.13 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कवर्धा से किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तूरे ने बताया कि इस वर्ष जिले में कुल 1 लाख 13 हजार 83 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें विकासखंड कवर्धा के 28,525, बोड़ला के 24,758, सहसपुर लोहारा के 20,175 तथा पंडरिया के 39,625 बच्चे शामिल हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 939 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय निगरानी दल विभिन्न विकासखंडों में अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है।

डॉ. डी.के. तूरे ने कहा कि भारत वर्ष 2011 से पोलियो मुक्त है और तब से देश में पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान लगातार चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को एक साथ अतिरिक्त खुराक देना संक्रमण की संभावनाओं को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। गुड़ फैक्ट्रियों, ईंट-भट्ठों, बस स्टैंड, घुमंतू बस्तियों और शहरी स्लम क्षेत्रों में विशेष टीमों की तैनाती की गई है ताकि वहां रहने वाले सभी बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाई जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र बच्चे को अभियान से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सलिल मिश्रा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक अंशुल थूदगर, डॉ. मुकुंद राव, जयंत कुमार, नेतराम साहू, आराधना बंजारे, आकांक्षा, दुर्गेश गुप्ता, विकास विश्वकर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं आरएचओ महिला अश्वनी श्रीवास्तव और झरोखा कौशिक ने बूथ पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि जिले और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत हो सके।