चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई, तांबा पाइप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के पोड़ी क्षेत्र में बर्फ फैक्ट्री से तांबा पाइप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उनके कब्जे से 6 किलो 800 ग्राम तांबा पाइप और चोरी में प्रयुक्त कटर बरामद किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Aug 18, 2026 - 12:54
 0  2
चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई, तांबा पाइप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम जिले के पोड़ी क्षेत्र में बर्फ फैक्ट्री से तांबा पाइप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना तथा तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की संपत्ति बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 800 ग्राम तांबा पाइप और चोरी की घटना में प्रयुक्त कटर जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देशन में थाना बोडला की चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर सेल टीम ने तांबा पाइप चोरी के मामले की जांच शुरू की।

थाना बोडला में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी जगतारन, निवासी पोड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 अगस्त 2026 की रात करीब 2 बजे अज्ञात आरोपियों ने बर्फ फैक्ट्री में प्रवेश कर वहां लगे तांबा पाइप चोरी कर लिए।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने नरेन्द्र नट, उम्र 20 वर्ष, निवासी नटपारा पोड़ी तथा करीया, उम्र 28 वर्ष, निवासी नहवानीपुर, थाना कपसेठी, जिला बनारस उत्तरप्रदेश, हाल पोड़ी को पूछताछ के लिए बुलाया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 8 अगस्त की रात बर्फ फैक्ट्री में प्रवेश कर कटर की मदद से तांबा पाइप काटकर चोरी करने की बात बताई। आरोपियों ने चोरी किए गए पाइप को टुकड़ों में काटकर नरेन्द्र नट के घर में रखने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में 6 किलो 800 ग्राम तांबा पाइप और घटना में प्रयुक्त कटर बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 17 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।

कार्रवाई में चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव, प्रधान आरक्षक खूबीराम साहू, छत्रापाल सिंह, अंजोर दास, रामझूल धुर्वे, देवेंद्र चतुर्वेदी, रमेन्द्र चंद्रवंशी तथा साइबर थाना से आरक्षक पूरन डाहिरे और संदीप शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और सतत निगरानी के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।