UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत थाना कुंडा पुलिस ने सरदार पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह के दिशा-निर्देश पर किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस टीम ने समझाया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान APK अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और अनजान नंबरों से आने वाली WhatsApp वीडियो कॉल को लेकर भी सावधानी बरतनी चाहिए।
पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा नहीं करना चाहिए। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति सतर्क हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागृति अभियान से जुड़ने और जागरूकता की सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस टीम ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। समय पर शिकायत करने से साइबर ठगी के मामलों में आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
थाना कुंडा पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से पुलिस द्वारा आम नागरिकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश लगातार दिया जा रहा है।