UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम जिले में साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों और आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर थाना जिला कबीरधाम पुलिस द्वारा केसरवानी कोचिंग क्लासेस में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के तरीकों और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक बनाना रहा। साइबर थाना पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय छोटी सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है, इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सावधान रहना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक करने से बचने की समझाइश भी दी गई। इसके साथ ही अनजान नंबरों से आने वाली WhatsApp वीडियो कॉल के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
साइबर टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की संभावना बढ़ सकती है। विद्यार्थियों से अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने QR कोड स्कैन कर साइबर जागृति अभियान से जुड़ते हुए जागरूकता सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान जारी रखा जा रहा है। आने वाले दिनों में भी जिले के थाना, चौकी और साइबर थाना की टीम द्वारा विद्यार्थियों तथा आमजनों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बढ़ाना और सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है।