लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, सड़कों-पुलों के सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में चल रहे सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अतिवृष्टि और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों के सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण कार्यों के देयकों का तीन माह के भीतर भुगतान, कार्यक्रमों के बिल एक माह में निपटाने तथा पीडब्लूडी-आईएमएस में सभी कार्यों की जानकारी समय पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित पीडब्लूडी मुख्यालय निर्माण भवन में आयोजित बैठक में दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निविदा प्रक्रिया, बिलों के भुगतान और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुकेश कुमार बंसल ने वर्षा ऋतु के बाद अतिवृष्टि एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के निर्माण एवं सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित मार्गों पर आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए। चालू मानसून के दौरान सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों को भरने का कार्य तत्काल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत भी संबंधित ठेकेदारों से तत्काल सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने बरसात के बाद बीटी पेच रिपेयरिंग के कार्यों के लिए 31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी करने तथा 31 सितंबर तक एजेंसियां तय करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने को कहा।
विभागीय सचिव ने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को प्रत्येक माह कार्यपालन अभियंताओं एवं अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों, निविदा प्रक्रिया, बिल भुगतान, न्यायालयीन प्रकरणों, मानव संसाधन और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। सभी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग करने को कहा गया। उन्होंने ठेकेदारों के साथ नियमित समन्वय रखते हुए निर्धारित टाइम-लाइन के अनुसार निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी संपर्क सुविधा से जोड़ने वाली सड़कों एवं पुलों तथा द्रुतगामी सड़कों के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। आपसी सहमति से होने वाली भू-अर्जन प्रक्रिया को तीन माह के भीतर पूरा करने तथा भू-अर्जन के बाद तत्काल नामांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुकेश कुमार बंसल ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के जीएसटी, रॉयल्टी, ठेकेदारों के अंतिम भुगतान सहित सभी देयकों का भुगतान 30 सितंबर तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के तीन माह के भीतर सभी देयकों का भुगतान कर संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराते हुए पीडब्लूडी-आईएमएस में कार्यों को क्लोज किया जाए। आयोजनों एवं कार्यक्रमों से संबंधित बिलों का भुगतान भी एक माह के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप एक ही टेबल पर तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए गए निर्माण कार्यों की संख्या का उल्लेख करने के लिए आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
सचिव ने पीडब्लूडी-आईएमएस में विभाग के सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक पूर्ण करने तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी 31 अगस्त तक जमा करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीपीग्राम्स और लोक सेवा गारंटी से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण करने तथा कार्यपालन अभियंताओं को प्रत्येक 15 दिन में संबंधित पोर्टल की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में अनुकंपा नियुक्ति, न्यायालयीन मामलों और लंबित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। लंबित पेंशन प्रकरणों का 30 सितंबर तक निराकरण करने तथा इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के अमांग-अजांच प्रमाण पत्र संकलित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी, दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता और दुर्ग परिक्षेत्र के सभी सात संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।