NMDC की L1-L2 भर्ती जल्द शुरू कराने की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंची, विधायक चैतराम अटामी की पहल पर केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा का भरोसा

दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC की लंबित L1-L2 भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंच गई है। विधायक चैतराम अटामी की पहल पर प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग रखी। विधायक के मुताबिक मुख्यमंत्री ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया है। वहीं आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि भर्ती शुरू नहीं होने पर आंदोलन दोबारा तेज किया जाएगा।

Nov 3, 2026 - 17:47
 0  4
NMDC की L1-L2 भर्ती जल्द शुरू कराने की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंची, विधायक चैतराम अटामी की पहल पर केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा का भरोसा

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली में एनएमडीसी की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित होने के कारण आंदोलन कर रहे युवाओं के लिए राहत की उम्मीद जगी है। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कराने और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंच गई है। विधायक चैतराम अटामी की पहल पर रायपुर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर युवाओं की समस्याओं और लंबित भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा उठाया।

विधायक चैतराम अटामी के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने एनएमडीसी में लंबे समय से अटकी L1-L2 भर्ती का विषय रखा। युवाओं की मांग है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और क्षेत्र के ऐसे अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता मिले, जो लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा कर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग

विधायक ने कहा कि बस्तर के खनिज संसाधनों से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं को भी रोजगार के अवसरों का लाभ मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखी। मुख्यमंत्री की ओर से केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा के आश्वासन के बाद आंदोलन से जुड़े युवाओं को भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

भर्ती नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

इस मामले में सरपंच करण तामो ने कहा कि यदि आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं आंदोलन से जुड़े सोमरू कड़ती ने बताया कि सांसद की ओर से भी आश्वासन मिला है कि आगामी सत्र के दौरान इस मुद्दे को उठाया जाएगा। मंत्री ने दिल्ली जाकर केंद्रीय इस्पात मंत्री से चर्चा करने की बात कही है। बैठक में हुई चर्चा की जानकारी युवाओं को दे दी गई है और अब वे आपस में विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

युवाओं को उम्मीद है कि शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को इस्पात मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया की स्थिति और संभावित तारीख को लेकर स्पष्टता आ सकती है। आंदोलनकारियों ने कहा है कि यदि इसके बाद भी भर्ती शुरू नहीं होती है, तो आंदोलन दोबारा तेज किया जाएगा।

12 अक्टूबर से चेकपोस्ट पर जारी था धरना

गौरतलब है कि NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया लंबित रहने के कारण क्षेत्र के युवाओं में नाराजगी है। इस संबंध में 14 प्रभावित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद 12 अक्टूबर से बचेली स्थित NMDC चेकपोस्ट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया था।

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिले और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति के बजाय बेरोजगार युवाओं को अवसर दिया जाए।

फिलहाल मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचने के बाद युवाओं की नजर सरकार और केंद्रीय इस्पात मंत्रालय की अगली कार्रवाई पर टिकी है। मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद भर्ती को लेकर उम्मीद बढ़ी है, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने की आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।