भिलाई की बसाहट बचाने जन-जन तक पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, सेक्टर-2 से शुरू किया जनसंपर्क अभियान

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने "भिलाई की बसाहट बचाओ" जनसंपर्क अभियान की शुरुआत सेक्टर-2 से की। उन्होंने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया और टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल तथा शहर की पहचान को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट होने की अपील की। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं।

Jul 1, 2026 - 11:05
 0  2
भिलाई की बसाहट बचाने जन-जन तक पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, सेक्टर-2 से शुरू किया जनसंपर्क अभियान

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने भिलाई टाउनशिप की बसाहट और शहर की पहचान को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से "भिलाई की बसाहट बचाओ" जनसंपर्क अभियान की शुरुआत सेक्टर-2 से की। अभियान के पहले दिन उन्होंने स्थानीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

जनसंपर्क अभियान के दौरान देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई केवल एक औद्योगिक नगर नहीं, बल्कि लाखों लोगों की भावनाओं, संघर्ष और वर्षों की मेहनत से विकसित हुई एक जीवंत बसाहट है। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन द्वारा टाउनशिप में रहने वाले लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और सेक्टर-9 अस्पताल सहित बीएसपी क्षेत्र की विभिन्न सुविधाओं एवं बसाहट को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि यदि समय रहते नागरिक एकजुट नहीं हुए तो इसका असर शहर की पहचान और यहां रहने वाले परिवारों के भविष्य पर पड़ सकता है।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है, बल्कि पूरे भिलाई के अस्तित्व, सम्मान और विरासत को बचाने का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से धर्म, जाति और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि पूरा शहर एक साथ खड़ा रहेगा तो भिलाई की बसाहट को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा।

अभियान के तहत सेक्टर-2 के वार्ड-56 स्थित सड़क-15 और वार्ड-55 स्थित सड़क-12 में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। देवेंद्र यादव ने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से इस संघर्ष को मजबूत बनाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर हर लोकतांत्रिक माध्यम से लोगों की आवाज बुलंद की जाएगी।

जनसंपर्क अभियान में पार्षद साधना सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र परघनिया, रमाकांत देशलहरे, राजेश चौधरी, सुरेश वर्मा, हरिश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने अभियान को समर्थन देते हुए शहर की बसाहट और सार्वजनिक सुविधाओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

देवेंद्र यादव ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में वे टाउनशिप के प्रत्येक सेक्टर, वार्ड और हर घर तक पहुंचकर नागरिकों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि भिलाई की बसाहट, सेक्टर-9 अस्पताल और शहर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए यह जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा और नागरिकों के सहयोग से इसे व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।