छिंदवाड़ा में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

छिंदवाड़ा के बैंक ऑफ इंडिया में लूट की बड़ी साजिश को कोतवाली पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। आरोपी चन्द्रप्रकाश लोखण्डे बैंक का शटर काटकर स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच गया था और लॉकर तोड़ने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के बावजूद आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और बैंक में सेंध लगाने के उपकरण जब्त किए हैं।

Jun 29, 2026 - 13:22
 0  3
छिंदवाड़ा में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज सिंह पटेल, छिंदवाड़ा l मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में लूट की एक बड़ी साजिश को कोतवाली पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से न केवल बैंक में रखी नकदी और ग्राहकों के कीमती सामान सुरक्षित रहे, बल्कि एक संभावित बड़ी वारदात भी टल गई। घटना 27 जून की है, जब बैंक प्रबंधन ऑडिट कार्य के लिए शाखा पहुंचा और मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया।

बैंक मैनेजर शिवकुमार मसराम और दफ्तरी लक्ष्मण कोलारे ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। बैंक का शटर अंदर से बंद था। स्थानीय लोगों की मदद से जैसे ही शटर को थोड़ा ऊपर उठाया गया, अंदर मौजूद आरोपी ने पेट्रोल से भरी पॉलीथीन में आग लगाकर बाहर फेंक दी। उसके साथ सुतली बम और अन्य विस्फोटक सामग्री भी फेंकी गई, जिससे मौके पर विस्फोट होने लगे और अफरा-तफरी मच गई।

इसी दौरान आरोपी धारदार बका लेकर भागने का प्रयास करने लगा। उपनिरीक्षक नारायण बघेल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। इसके बावजूद पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। बैंक के अंदर प्रवेश करने पर पुलिस ने पाया कि स्ट्रॉन्ग रूम में आग लगी हुई थी, जिसे अग्निशामक यंत्र की सहायता से बुझाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर को तोड़ने का प्रयास कर चुका था और उसकी ऊपरी कंक्रीट परत को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान चन्द्रप्रकाश लोखण्डे निवासी चंदनगांव, छिंदवाड़ा के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि उसने हाल ही में एक व्यावसायिक प्लॉट खरीदा था, जिसके भुगतान का भारी वित्तीय दबाव था। इसी कारण उसने पिछले 15 दिनों से बैंक लूटने की योजना बनाई। उसने बैंक में लगातार तीन दिन की छुट्टी का लाभ उठाने के उद्देश्य से शटर काटकर प्रवेश किया और लॉकर तोड़ने के लिए ग्राइंडर मशीन, पेट्रोल, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य उपकरण साथ लेकर पहुंचा था। उसने बैंक के फायर अलार्म सिस्टम के तार भी काट दिए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राइंडर मशीनें, कटिंग ब्लेड, पेट्रोल, सुतली बम, हथियार, लोहे के औजार, फायर अलार्म सिस्टम के हिस्से, नकाब, मास्क, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक नारायण बघेल सहित कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।