प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम, 9 दिनों में 72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 15 जून से 15 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान में छत्तीसगढ़ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। राज्य ने केवल 9 दिनों में 72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करते हुए पंजीयन और प्री-रजिस्टर्ड हितग्राहियों के निराकरण दोनों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। जांजगीर-चांपा जिला 96 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

Jun 29, 2026 - 11:54
 0  4
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम, 9 दिनों में 72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पंजीयन के लिए 15 जून से 15 जुलाई तक संचालित विशेष अभियान में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने अभियान के शुरुआती मात्र नौ दिनों में ही निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत पूरा कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचय दिया है।

राज्य ने केवल नए हितग्राहियों के पंजीयन में ही नहीं, बल्कि प्री-रजिस्टर्ड हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों के निराकरण में भी देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार यह सफलता विभागीय अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, मैदानी अमले और सभी संबंधित हितधारकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

विशेष अभियान के दौरान जांजगीर-चांपा जिले ने 96 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। जिले के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को मातृ एवं शिशु कल्याण के प्रति प्रशासन की सक्रियता और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना भारत सरकार की प्रमुख मातृ कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पहली जीवित संतान के जन्म पर पात्र महिलाओं को 5,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। वहीं दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यह योजना संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने तथा बच्चों के बेहतर पोषण और विकास को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पूरी टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सुरक्षित मातृत्व के साथ स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर देश के लिए आदर्श मॉडल बनेगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सभी हितधारकों को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रतिबद्धता, सतत निगरानी और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश की सभी पात्र गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं से अपील की कि वे 15 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान के दौरान अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।