भाजपा संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी का 9 से 12 अगस्त तक संभाग प्रवास, संगठनात्मक गतिविधियों की करेंगे समीक्षा
भाजपा संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 9 से 12 अगस्त 2026 तक छिंदवाड़ा संभाग के प्रवास पर रहेंगे। चार दिवसीय प्रवास के दौरान वे पांढुर्णा, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में जिला एवं मंडल स्तर की बैठकों में शामिल होंगे। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, मंडल विस्तार, बूथ समितियों की समीक्षा और आगामी अभियानों की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l भारतीय जनता पार्टी के संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी 9 से 12 अगस्त 2026 तक छिंदवाड़ा संभाग के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जिलों में जिला एवं मंडल स्तर की बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे।
भाजपा संभाग कार्यालय प्रभारी भारत घई के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत 9 अगस्त को पांढुर्णा में जिला बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे पांढुर्णा से बालाघाट के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
10 अगस्त को सुबह 11 बजे भाजपा कार्यालय बालाघाट में जिला बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे तक बैहर विधानसभा क्षेत्र के उकवा मंडल में मंडल बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद डॉ. सोलंकी बालाघाट से सिवनी के लिए रवाना होंगे।
11 अगस्त को सिवनी जिले के लखनादौन मंडल में दोपहर 12 से 1 बजे तक मंडल बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 2 से 4 बजे तक भाजपा कार्यालय लखनादौन में जिला बैठक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद डॉ. सोलंकी छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।
12 अगस्त को सुबह 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय छिंदवाड़ा में जिला बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे तक जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के जुन्नारदेव नगर मंडल में मंडल बैठक होगी। इसके पश्चात उनके प्रवास कार्यक्रम के अगले चरण के लिए प्रस्थान निर्धारित है।
संगठन विस्तार और आगामी अभियानों पर होगी चर्चा
प्रवास के दौरान आयोजित बैठकों में भाजपा संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिला बैठकों में संत रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान की कार्ययोजना और ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा संगठनात्मक विषयों, मंडल विस्तार, शक्ति केंद्रों की टोली एवं विस्तार तथा बूथ समितियों के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। बैठकों में ‘मन की बात’ कार्यक्रम की समीक्षा के साथ पूर्व में आयोजित जिला, मंडल एवं शक्ति केंद्र की मासिक बैठकों की प्रगति पर भी चर्चा होगी। स्थानीय और समसामयिक विषयों को भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है।
जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी होंगे शामिल
मंडल बैठकों में जिला प्रभारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधायक एवं वर्ष 2023 के विधानसभा प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी शामिल होंगे।
इसके अलावा संबंधित मंडल के बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक तथा नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
जिला बैठकों में जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, वर्ष 2023 के विधानसभा प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष और प्रकोष्ठों के जिला संयोजक सहित अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी शामिल होंगे।
चार दिवसीय प्रवास के दौरान संगठनात्मक समीक्षा और आगामी अभियानों की तैयारियों को लेकर होने वाली बैठकों को भाजपा के आगामी कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।