भरसेड़ा में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 3 साल की मासूम की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

सिंगरौली जिले के भरसेड़ा गांव में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से तीन वर्षीय बच्ची शोभा साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया और आरोपी की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

Jul 16, 2026 - 10:33
 0  6
भरसेड़ा में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 3 साल की मासूम की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

UNITED NEWS OF ASIA. आदर्श तिवारी, सिंगरौली l मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के भरसेड़ा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से शोभा साकेत नाम की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ऑटो मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे भूईमाड निवासी एक युवक ऑटो क्रमांक MP53ZD2343 को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान भरसेड़ा गांव में ऑटो की चपेट में आने से रवि साकेत की तीन वर्षीय बेटी शोभा साकेत गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मासूम की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से गांव के भीतर वाहनों की गति नियंत्रित करने, आवश्यक यातायात संकेतक लगाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं, मासूम शोभा साकेत की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।