गुढ़ियारी में जलभराव और खुले नालों पर आप का प्रदर्शन, निगम को सौंपा ज्ञापन

रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम जोन-1 आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों के तत्काल समाधान की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Jul 16, 2026 - 10:30
 0  6
गुढ़ियारी में जलभराव और खुले नालों पर आप का प्रदर्शन, निगम को सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-1 आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि बरसात के दौरान क्षेत्र में हालात गंभीर हो जाते हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जोन आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि वार्ड क्रमांक-15 (नेता जी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड) और वार्ड क्रमांक-17 के अंतर्गत गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के पास बारिश के दौरान भारी जलभराव हो जाता है। सड़क के दोनों ओर बनी गहरी और खुली नालियां पानी में पूरी तरह ढंक जाती हैं, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जलभराव वाले स्थान पर विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है, जो बरसात के समय गंभीर जोखिम पैदा करता है। पार्टी का कहना है कि पानी के बीच स्थित ट्रांसफार्मर के कारण करंट फैलने की आशंका बनी रहती है और यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, सड़क किनारे बनी खुली नालियों को मजबूत स्लैब या ढक्कन से ढंकना, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना, ट्रांसफार्मर के चारों ओर मजबूत फेंसिंग करना तथा विद्युत सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय लागू करना शामिल है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर शीघ्र कार्यवाही करने की भी मांग की गई।

डॉ. विजय देवांगन ने कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं बल्कि जनसुरक्षा का विषय है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय जनहानि की स्थिति बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने की अपील की।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र की इन समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय गुप्ता, नरेन्द्र ठाकुर, रामदयाल यादव, धनेश्वर नेताम और गोविंद दीप सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।