UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम महिला थाना पुलिस ने विवाह का झांसा देकर शोषण करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान श्रवण यादव, पिता घनश्याम यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम भण्डार, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है।
महिला थाना कवर्धा में दर्ज अपराध क्रमांक 41/2026 के मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 351(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत के अनुसार वर्ष 2025 में आरोपी से परिचय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर पीड़िता का शोषण किया और घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर धमकी दी।
शिकायत के अनुसार बाद में पीड़िता द्वारा अन्य व्यक्ति से विवाह कर लेने के बावजूद आरोपी मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर उसे परेशान करता रहा और दबाव बनाता रहा। 28 जून 2026 को आरोपी द्वारा पीड़िता से संबंधित वीडियो बनाए जाने और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर वीडियो हटाने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक राशि दिए जाने के बाद भी वीडियो हटाया नहीं गया और कथित रूप से ब्लैकमेलिंग जारी रही।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना कवर्धा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पीड़िता से संबंधित वीडियो वाले मोबाइल फोन को जब्त किया गया।
जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देकर 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।