23वाँ डी.आर.एम. कप 2026: ऑपरेटिंग टीम ने सुपर ओवर में डब्ल्यू.आर.एस. को हराकर जीती ट्रॉफी

दक्षिण पूर्व मध्य रेल खेल संघ द्वारा आयोजित 23वाँ डी.आर.एम. कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन रायपुर के सेकरसा मैदान में हुआ। फाइनल मुकाबले में ऑपरेटिंग टीम ने वैगन रिपेयरिंग शॉप (डब्ल्यू.आर.एस.) को रोमांचक सुपर ओवर में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक Dayanand मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

Mar 16, 2026 - 11:39
 0  3
23वाँ डी.आर.एम. कप 2026: ऑपरेटिंग टीम ने सुपर ओवर में डब्ल्यू.आर.एस. को हराकर जीती ट्रॉफी

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ, रायपुर द्वारा आयोजित क्रिकेट का महासंग्राम 23वाँ डी.आर.एम. कप 2026 का भव्य समापन समारोह 13 मार्च 2026 को Raipur के सेकरसा मैदान में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक Dayanand रहे। कार्यक्रम में मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री भंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं वरिष्ठ मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी Rahul Garg की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

फाइनल मुकाबला रहा बेहद रोमांचक

फाइनल मुकाबला ऑपरेटिंग टीम और वैगन रिपेयरिंग शॉप (डब्ल्यू.आर.एस.) के बीच खेला गया। सेमीफाइनल में ऑपरेटिंग टीम ने ट्रैक मशीन ऑपरेशन को तथा डब्ल्यू.आर.एस. ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

टॉस जीतकर डब्ल्यू.आर.एस. ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए। टीम की ओर से रूद्र मूर्ति ने 29 रन और के. साई कुमार ने 21 रन का योगदान दिया।
ऑपरेटिंग टीम की ओर से ओमप्रकाश सिंह ने 3 विकेट तथा श्रीनू ने 2 विकेट हासिल किए।

मैच टाई, सुपर ओवर में हुआ फैसला

82 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑपरेटिंग टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन डब्ल्यू.आर.एस. के खिलाड़ियों की संघर्षपूर्ण गेंदबाजी के कारण मैच टाई हो गया।

निर्णय के लिए हुए सुपर ओवर में ऑपरेटिंग की ओर से टिकेंद्र और हेमंत ने एक छक्का और एक चौके की मदद से 11 रन बनाए। जवाब में डब्ल्यू.आर.एस. की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और इस तरह ऑपरेटिंग टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

पुरस्कार वितरण समारोह

टूर्नामेंट में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया:

  • ओमप्रकाश सिंह – मैन ऑफ द मैच एवं बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट

  • एन. के. महाना (आरपीएफ) – सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वाधिक छक्के

  • ओम प्रकाश (ट्रैक मशीन) – सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक

  • उदित नारायण – बेस्ट इमरजिंग प्लेयर

  • डोमेश साहू (ट्रैक मशीन) – प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

महिला डी.आर.एम. कप का भी आयोजन

महिला दिवस के अवसर पर प्रथम महिला डी.आर.एम. कप 2026 का भी आयोजन किया गया। फाइनल में मेकैनिकल टीम ने इलेक्ट्रिक लोको शेड भिलाई को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
कुमारी पंकज सांगवान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए विमेन ऑफ द फाइनल और विमेन ऑफ द सीरीज चुना गया।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक के करकमलों से जोन की हैंडबॉल टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसने बनारस में आयोजित अखिल रेल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। इसके साथ ही देहरादून में आयोजित अखिल रेल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच विजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं, जिससे पूरा सेकरसा मैदान उत्साह और उल्लास से गूंज उठा।