निर्माण और जन सुविधाओं के कार्यों में तेजी, नोडल अधिकारियों को सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश

नगरीय प्रशासन विभाग ने निर्माण और जन सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेज करने के लिए नोडल अधिकारियों को सक्रिय मॉनिटरिंग और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। सचिव ने निकायों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

Jun 23, 2026 - 15:25
 0  2
निर्माण और जन सुविधाओं के कार्यों में तेजी, नोडल अधिकारियों को सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव शंगीता आर. ने नगरीय निकायों के कार्यों की मॉनिटरिंग और समन्वय के लिए जिलेवार नियुक्त नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों और जन सुविधाओं के विकास से जुड़े सभी कार्यों को गति देने के लिए सक्रिय और गंभीर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने-अपने आवंटित नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें। साथ ही निकायों में आने वाली समस्याओं का मौके पर समाधान निकालकर योजनाओं के क्रियान्वयन को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें।

सचिव ने निर्देश दिए कि अधिकारी निरीक्षण के लिए पूरी तैयारी के साथ जाएं और इस बात की जानकारी रखें कि पिछले दो वित्तीय वर्षों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कितनी राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि हर महीने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए ताकि किसी भी स्तर पर कार्यों में देरी न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि मैदानी निरीक्षण के दौरान निकायों की वास्तविक जरूरतों और व्यवस्थाओं का आकलन किया जाए, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने नगरीय निकायों के आय-व्यय की स्थिति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी बताया गया कि जो निकाय अपनी आय से स्वयं की व्यवस्थाएं संचालित कर सकते हैं, उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। इसके अलावा वार्डवार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, उप सचिव भागवत जायसवाल, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य और मुख्य अभियंता राजेश शर्मा भी बैठक में उपस्थित रहे।

विभाग द्वारा शहरी विकास योजनाओं की निगरानी को और मजबूत करने के लिए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से जिलों में भेजा जा रहा है। 6 जून को सभी नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में पहुंचकर योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया था।

अब तक राज्य के 194 नगरीय निकायों में से 103 निकायों में नोडल अधिकारी स्थल निरीक्षण कर चुके हैं। इस पहल का उद्देश्य योजनाओं की प्रभावी निगरानी, समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

विभाग का मानना है कि नियमित निरीक्षण और मजबूत फीडबैक सिस्टम से शहरी विकास योजनाओं की गति और पारदर्शिता दोनों में सुधार होगा, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।