सिलयारी के कुरूद में सुशासन तिहार शिविर, विधायक अनुज शर्मा ने बांटी योजनाओं की सौगात

रायपुर जिले के ग्राम कुरूद (सिलयारी) में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, आवास योजना की चाबी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया। शिविर में 1109 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 129 का मौके पर निराकरण किया गया।

May 23, 2026 - 12:34
 0  5
सिलयारी के कुरूद में सुशासन तिहार शिविर, विधायक अनुज शर्मा ने बांटी योजनाओं की सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर जिले के ग्राम कुरूद (सिलयारी) में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज, आयुर्वेदिक दवाइयां और आवास योजना के अंतर्गत “खुशियों की चाबी” वितरित की। महिलाओं को पोषण आहार और अन्य योजनाओं के तहत सामग्री भी प्रदान की गई। शिविर में स्वसहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। समाधान शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है और विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में कुल 1109 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 129 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इसके अलावा 30 आरटीओ संबंधी दस्तावेज, 32 आधार कार्ड, 10 श्रम कार्ड, 10 राशन कार्ड और 10 पेंशन स्वीकृतियां प्रदान की गईं। लगभग 150 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रमाण पत्र और सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, सभापति सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, दिनेश खूंटे, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, एसडीएम नंद कुमार चौबे, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, सरपंच रूखमणि साहू, प्रीति भरत सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।