एसआईआर में शत-प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइजेशन करने वाले 25 बीएलओ सम्मानित

कवर्धा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले 25 बीएलओ को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सम्मानित किया। बीएलओ ने मेहनत और दक्षता के साथ अल्प समय में कार्य पूर्ण कर जिले के अभियान को मजबूती दी।

Nov 26, 2025 - 18:06
 0  27
एसआईआर में शत-प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइजेशन करने वाले 25 बीएलओ सम्मानित

  UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण से लेकर डिजिटाइजेशन तक का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में शत-प्रतिशत फॉर्म कलेक्शन और डिजिटाइजेशन का लक्ष्य प्राप्त करने वाले 25 बीएलओ को कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है बल्कि पूरे जिले के एसआईआर अभियान को मजबूत करने वाला प्रयास है।

सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर ने बीएलओ से फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  नरेंद्र पैंकरा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

पेंड्रीकला की बीएलओ बिंदा बंजारे ने बताया कि उन्होंने फॉर्म वितरण और कलेक्शन के लिए लोगों के घरों में मिलने का उपयुक्त समय तय किया और प्रशिक्षण के दौरान मिले निर्देशों का पालन कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।

तुलेश्वरी चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने सुबह और शाम के समय लोगों से संपर्क कर डिजिटाइजेशन पर विशेष फोकस रखा। महिला मतदाताओं के रिकॉर्ड में देरी न हो इसलिए उन्होंने स्वयं ऑनलाइन रिकॉर्ड निकालकर उन्हें सत्यापित करवाया।

लोहारीडीह की सुशीला यादव ने बताया कि उन्होंने लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए समय की परवाह किए बिना कार्य पूरा किया। मतदान केंद्र स्तर के कर्मचारियों का उन्हें पूरा सहयोग मिला।

सम्मानित बीएलओ में रजनी वैष्णव, सीमा पटेल, ममता सेन, नंदनी श्रीवास, अनिता साहू, सुशीला यादव, मनिला बंजारे, राधा साहू, प्रतिमा धुर्वे, अजिजुन निशा, तुलेश्वरी चंद्राकर, उर्वशी चंद्राकर, द्रोपती मानिकपुरी, रीना पटेल, नीतू जायसवाल, बिंदा बंजारे, चंपाबाई डहरिया, रामेश्वरी चंद्रवंशी, पूर्णिमा चंद्रवंशी, कृतिकला मरकाम, चितरेखा ठाकुर, सरोजनी चंद्रसेन, मंजूलता बंजारे, नीरा वर्मा और गुलाबा झारिया शामिल हैं।