समोदा गोदाम चोरी मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ी भी पकड़ा गया
दुर्ग जिले के ग्राम समोदा स्थित गोदाम से करीब 98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री चोरी के मामले में जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मोटर पम्प, कंक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, एल्युमिनियम केबल, लोहे का स्क्रैप सहित अन्य सामग्री बरामद की है। घटना के दौरान चोरी रोकने का प्रयास करने वाले गोदाम मालिक के पैर में लोहे के पाइप से चोट पहुंचाने का भी आरोप है। मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग जिले के ग्राम समोदा स्थित एक गोदाम से निर्माण एवं सिविल ठेकेदारी से जुड़ी सामग्री चोरी करने के मामले में जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की सामग्री खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की विभिन्न सामग्री, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, मोटरसाइकिल और बिक्री से प्राप्त रकम भी बरामद की गई है।