सक्ती में 11 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तैयारियों का लिया जायजा
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में 11 सितंबर को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में वृहद कार्यक्रम आयोजित होगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आगामी 11 सितंबर को होने वाले वृहद कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास प्रस्तावित है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सोमवार को ग्राम जेठा पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों मंत्रियों ने सबसे पहले कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। इसके बाद मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों और आमजनों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन और निकासी की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पार्किंग, सुचारू यातायात, प्रवेश और निकासी व्यवस्था के साथ स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
11 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहेगा। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। मंत्रियों ने कहा कि यह सामूहिक आयोजन है और इसकी सफलता के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा आम लोगों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।