रतलाम मंडल का बड़ा रिकॉर्ड: एक ही दिन में टिकट चेकिंग से 16.56 लाख रुपये का राजस्व, 2249 मामलों में कार्रवाई

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान में नया रिकॉर्ड बनाते हुए एक ही दिन में 16.56 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया और 2249 मामलों में कार्रवाई की।

Apr 29, 2026 - 11:26
 0  16
रतलाम मंडल का बड़ा रिकॉर्ड: एक ही दिन में टिकट चेकिंग से 16.56 लाख रुपये का राजस्व, 2249 मामलों में कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। 27 अप्रैल 2026 को मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक ही दिन में 16.56 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यह उपलब्धि बिना टिकट यात्रा पर नियंत्रण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में मंडल की सक्रियता को दर्शाती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हीना वी. केवलरामानी के निर्देशन में वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक लगातार निगरानी कर रहे हैं। 

जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत रतलाम, उज्जैन, इंदौर, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, दाहोद, देवास एवं डॉ. अम्बेडकर नगर सहित प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच की गई।

इस दौरान कुल 2249 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मंडल का चेकिंग स्टाफ पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। अधिकारियों ने इसे टीमवर्क, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम बताया है।

रतलाम मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर और ट्रेनों में यात्रा करते समय हमेशा वैध टिकट या प्राधिकार के साथ ही यात्रा करें। इससे न केवल अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सकेगा, बल्कि सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक यात्रा अनुभव भी मिलेगा।