एक साल बाद चेन झपटमारी का खुलासा, रतलाम पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष पुरानी चेन झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Jul 10, 2026 - 18:39
 0  114
एक साल बाद चेन झपटमारी का खुलासा, रतलाम पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम l रतलाम जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने करीब एक वर्ष पहले हुई चेन झपटमारी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 21 अगस्त 2025 की सुबह करीब 5 बजे की है। लक्ष्मणपुरा निवासी ज्ञान प्रकाश व्यास अपने घर से कचरा डालने के लिए चामुंडा माता मंदिर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फरियादी की शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 620/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश जारी रखी।

लंबी जांच के बाद पुलिस ने कुलदीप प्रजापत (28) निवासी सिलावटों का वास और अनिल टांक (35) निवासी लक्ष्मणपुरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चेन झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने झपटी गई सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर ली। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गायत्री सोनी, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, नारायण सिंह जादौन तथा आरक्षक रवि चंदेल और रविराज सिंह पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और सतत प्रयासों के कारण लगभग एक वर्ष पुराने मामले का सफल खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।