बिलासपुर में ‘सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स’ का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई दिग्गज नेताओं ने किया उद्घाटन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिलासपुर में आधुनिक ‘सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया गया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सेंटर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने वाली 150 से अधिक महिला नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित भी किया गया।

Mar 9, 2026 - 14:03
 0  6
बिलासपुर में ‘सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स’ का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई दिग्गज नेताओं ने किया उद्घाटन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आधुनिक ‘सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर’ का भव्य शुभारंभ किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजीव गांधी चौक (ओवरब्रिज के पास, रायपुर रोड) स्थित इस अत्याधुनिक सेंटर का उद्घाटन प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।

उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला और अटल श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया और यहां उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निजी संस्थानों की भागीदारी से आम जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में इस तरह के आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत और सुविधा का विषय है।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी बीमारी के उपचार में सटीक जांच की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विश्वसनीय और त्वरित जांच सेवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर की शुरुआत से स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य जांच सुविधाएं मिलेंगी और समय पर उपचार संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 150 से अधिक महिला नर्सिंग स्टाफ, महिला पैरामेडिकल कर्मियों और मितानिन बहनों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किए।

सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर का संचालन प्रख्यात चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जाएगा, जिसमें डॉ. विनीत महेश्वरी, डॉ. शुभकिर्ती, डॉ. विवेक महावार, डॉ. बबलेश महावार, डॉ. अमन अग्रवाल और डॉ. मृत्युंजय सर्राफ शामिल हैं। सेंटर के संचालकों के अनुसार यहां अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञों की टीम के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉ. विनीत महेश्वरी ने बताया कि इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे सटीक, विश्वसनीय और त्वरित डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करना है, ताकि लोगों को जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर बिलासपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।