सक्ती में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, थर्माकोल पेपर कटर से किया था हमला
सक्ती पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित रूप से थर्माकोल पेपर कटर से पीड़ित के गले और सीने पर हमला किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. जीके कुर्रे, सक्ती। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र में युवक पर कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने थर्माकोल पेपर कटर से पीड़ित के गले और सीने पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार घायल अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा पर वार्ड क्रमांक 1 निवासी कृष्णा सारथी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से हमला किया था। घटना के बाद घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जांजगीर और बाद में बिलासपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार बिलासपुर के अस्पताल में चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और घायल का मरणासन्न कथन भी कार्यपालिक दंडाधिकारी के माध्यम से बिलासपुर में दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार मरणासन्न कथन में भी घायल ने आरोपी द्वारा थर्माकोल पेपर कटर से हमला किए जाने की बात कही।
जांच के दौरान आरोपी कृष्णा सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना से पहले अभय चौहान कथित रूप से उससे बार-बार पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने थर्माकोल पेपर कटर से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खून से सना थर्माकोल पेपर कटर जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा पुलिस अन्य आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखन लाल पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक राहुल बाजपेयी, पूजा यादव, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन तथा आरक्षक भागवत श्रीवास, रामकृष्ण देवांगन, विकास राठौर, दीपक बंजारे सहित थाना सक्ती के पुलिस दल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।