रामनगर पुलिस चौकी का AAP ने किया घेराव, चोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रामनगर पुलिस चौकी का घेराव किया। AAP नेता एवं छाया पार्षद मिथलेश साहू के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पुलिस गश्त, नशाखोरी और चाकूबाजी को लेकर सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने सहित अन्य मांगें रखीं।

Oct 3, 2026 - 09:28
 0  5
रामनगर पुलिस चौकी का AAP ने किया घेराव, चोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर हुई चोरी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रामनगर पुलिस चौकी का घेराव किया। 2 अक्टूबर 2026 को AAP नेता एवं छाया पार्षद मिथलेश साहू के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चोरी की घटना के साथ ही क्षेत्र में नशाखोरी और चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

AAP के अनुसार, ज्वेलर्स में हुई चोरी में करीब 8 से 10 लाख रुपये के सामान के चोरी होने की बात सामने आई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि घटना रामनगर पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिसके चलते क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में थाली और तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। थाली बजाकर पुलिस को जगाने का सांकेतिक प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी।

घेराव को संबोधित करते हुए मिथलेश साहू ने पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी के नजदीक चोरी की बड़ी वारदात होना रात्रि गश्त की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साहू ने क्षेत्र में नशाखोरी और चाकूबाजी पर भी चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 48 घंटे के भीतर चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की गई। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार और चाकूबाजी पर कठोर कानूनी कार्रवाई तथा रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग को दुरुस्त करने की मांग रखी गई।

AAP नेताओं ने कहा कि यदि निर्धारित समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता है, तो आने वाले दिनों में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष यूथ विंग इमरान खान, शिव शर्मा, RS ठाकुर, संजय गुप्ता, अनुराधा शुक्ला, डॉ विजय देवांगन, श्याम शर्मा, धनेश्वर नेताम, रवि ध्रुव, भारती सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी और व्यापारी मौजूद रहे।