रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों का जायजा, राजेश मूणत ने अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक राजेश मूणत ने महापौर मीनल चौबे और अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। नालंदा परिसर फेज-2, 100 बिस्तरीय अस्पताल, नवीन कॉलेज भवन, सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी सहित कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मूणत ने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का विधायक राजेश मूणत ने नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान नालंदा परिसर फेज-2, सुयश हॉस्पिटल के पीछे बीएसयूपी कॉलोनी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी, शिवानंद नगर में निर्माणाधीन भवन, सरोना विसर्जन कुंड के समीप 100 बिस्तरीय अस्पताल और कोटा रामदरबार में निर्माणाधीन नवीन कॉलेज भवन का निरीक्षण किया गया। विधायक ने सभी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली और जिन कार्यों की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
नालंदा परिसर फेज-2 के निरीक्षण के दौरान राजेश मूणत ने निर्माण कार्य को तीन हिस्सों में विभाजित कर प्रत्येक हिस्से की निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया। नालंदा परिसर फेज-2 का निर्माण एनआईटी के सामने जीई रोड पर किया जा रहा है। परिसर में 1017 सीटों की क्षमता बताई गई है और इसकी स्वीकृत लागत लगभग 21.07 करोड़ रुपये है। विधायक ने कहा कि वे हर महीने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे और किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए।
इसके बाद बीएसयूपी कॉलोनी में सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया। विधायक ने अधिकारियों से पूरे हो चुके और शेष कार्यों की जानकारी ली तथा बाकी काम जल्द पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने बताया कि दोनों भवनों के निर्माण के लिए उनके प्रयासों से पहले ही 73 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई जा चुकी है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राशि की स्वीकृति के लिए भी प्रयास करने की बात कही गई।
शिवानंद नगर में 80 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया गया। यहां कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सरोना विसर्जन कुंड के समीप निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का जायजा लिया गया। विधायक ने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण आगे बढ़ाने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
कोटा रामदरबार में निर्माणाधीन नवीन कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए राजेश मूणत ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने भूतल के सभी कार्य दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं के साथ नागरिक सुविधाओं से संबंधित निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान महापौर मीनल चौबे ने भी अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ें और नागरिकों को समय पर उनका लाभ मिले, इसके लिए नियमित समीक्षा जरूरी है। विधायक ने कहा कि निर्माण कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन और लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।