तेलीबांधा में सूने मकान में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया। चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया है।

Apr 15, 2026 - 13:38
 0  1
तेलीबांधा में सूने मकान में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हासीब अख्तर, रायपुर  l  राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीराम नगर में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

मामले की जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को प्रार्थी अजय ठाकुर अपने काम पर गए हुए थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घर सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली।

चोरी में 2 सोने की अंगूठी, 2 सोने की मोती माला, कान के टॉप्स, मंगलसूत्र, चांदी की कटोरी और चम्मच, गणपति जी का सोने का लॉकेट, चांदी के करधन, अंगूठी, सिक्के, बिछिया, कंगन सहित लगभग 30 हजार रुपये नगद चोरी किए गए। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 4 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस को आकिब कुरैशी पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकिब कुरैशी (33 वर्ष), निवासी काशीराम नगर, मस्जिद के पास, थाना तेलीबांधा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों ने बताया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को सूना छोड़ने से पहले सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।