रायपुर में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत 1922 ट्री गार्ड और 396 कांक्रीट घेरों को हटाया गया
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत पेड़ों के प्राकृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब तक विभिन्न जोनों में करीब 1922 ट्री गार्ड और 396 स्थानों से कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए गए हैं। अभियान की 10 जोनों में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पौधों को मिट्टी, पानी और प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और रायपुर जिला प्रशासन के पर्यावरण हितैषी प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में पौधों के संरक्षण और प्राकृतिक विकास को बढ़ावा देने का अभियान लगातार जारी है। जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशन में निगम के सभी 10 जोनों में पौधों के आसपास लगाए गए ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे और पेवर हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अभियान के तहत नगर निगम के सभी 10 जोन क्षेत्रों में ऐसे पौधों और पेड़ों को चिन्हित किया गया, जो चारों ओर से ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे अथवा पेवर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे। ऐसे स्थानों पर पौधों को पर्याप्त मिट्टी, पानी और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन अवरोधों को हटाया जा रहा है।
अब तक रायपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से लगभग 1922 ट्री गार्ड और करीब 396 स्थानों पर कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए जा चुके हैं। अभियान अभी भी लगातार जारी है। सभी जोन कमिश्नरों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है।
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन का उद्देश्य पौधों को ऐसे अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें वे प्राकृतिक रूप से अपनी जड़ें विकसित कर सकें और मिट्टी तथा पानी का सहज रूप से उपयोग कर सकें। कांक्रीट और अन्य अवरोध हटने से पौधों के आसपास खुला स्थान उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके विकास में सहायता मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इस कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए सभी जोन कमिश्नरों को पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जोन में चिन्हित पौधों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा है।
रायपुर जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने शहर के रहवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने आसपास मौजूद ऐसे पौधों की देखभाल करें और उन्हें आवश्यक पानी एवं खाद उपलब्ध कराकर उनके विकास में सहयोग दें।
जिला प्रशासन के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण के इस कार्य में सक्रिय योगदान देने वाले नागरिकों को ‘पर्यावरण मित्र’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोनों में चल रहे अभियान की आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा भी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि शहर में मौजूद पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए पर्याप्त स्थान और अनुकूल वातावरण मिले तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को और मजबूत किया जा सके।