रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी पर हमला, कार का शीशा तोड़कर मारपीट, सोने की चेन लूटने का आरोप
रायपुर के लालपुर ब्रिज के नीचे दिनदहाड़े कारोबारी पंकज मेघानी और उनके साथियों पर हथियारों से लैस लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने कार पर पत्थर फेंककर शीशा तोड़ा, मारपीट की और सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर एक कारोबारी के साथ दिनदहाड़े मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। लालपुर ब्रिज के नीचे कुछ लोगों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर फेंककर पीछे का शीशा तोड़ दिया। कार रुकते ही हथियारों से लैस आरोपियों ने कारोबारी और उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस दौरान मारपीट के बीच कारोबारी के गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित पंकज मेघानी देवपुर स्थित बाबा गेलाराम नगर का निवासी है और डूमरतराई मार्केट में शुभम ट्रेडर्स के नाम से अनाज का कारोबार करता है। रविवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने भाई नीरज मेघानी, चचेरे भाई और दोस्तों तनीष खेमानी तथा गुरुदास पंजवानी के साथ नाश्ता करने कार से निकला था।
बताया गया कि जैसे ही उनकी हेरियर कार लालपुर ब्रिज के नीचे पहुंची, ब्रिज के पास बनी झोपड़ियों की ओर से किसी ने कार पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कार का पिछला शीशा टूट गया। इसके बाद सभी लोग कार से नीचे उतरकर घटना की जानकारी लेने लगे।
आरोप है कि तभी झोपड़ियों की ओर से कई लोग डंडे, सरिया, पत्थर, हथौड़ा, ईंट और कुल्हाड़ी जैसे हथियार लेकर बाहर आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने कारोबारी और उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने की कोशिश करने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान उसके गले से सोने की चेन लूट ली गई। अचानक हुए हमले से सभी लोग घबरा गए और किसी तरह अपनी जान बचाकर कार में बैठकर वहां से निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही घटना में शामिल लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या किसी अन्य विवाद का परिणाम।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में खुलेआम मारपीट और लूट की घटना से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।