रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिलाने सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल, बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए ₹300 करोड़ की मांग

रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने और बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की। उन्होंने रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन तथा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C से 4C श्रेणी में उन्नत करने की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया।

Aug 14, 2026 - 12:04
 0  4
रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिलाने सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल, बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए ₹300 करोड़ की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार और विमानन अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने तथा बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य में बेहतर और मजबूत हवाई कनेक्टिविटी की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। रायपुर का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के कई क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई केंद्र है। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती है, जिससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ता है।

सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को शीघ्र अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए और रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं शुरू होने से छत्तीसगढ़ की देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

बैठक के दौरान बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बृजमोहन अग्रवाल ने एयरपोर्ट को 3C से 4C श्रेणी में उन्नत करने के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की। उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के 14 जिलों और मध्यप्रदेश के तीन समीपवर्ती जिलों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण हवाई सुविधा का केंद्र है।

प्रस्तावित राशि से एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई वर्तमान 1,500 मीटर से बढ़ाकर 2,885 मीटर किए जाने की योजना है। इसके साथ ही नए एटीसी टावर और आधुनिक यात्री टर्मिनल के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। इन सुविधाओं के विकसित होने से बड़े विमानों के संचालन की क्षमता बढ़ने के साथ बिलासपुर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से दोनों प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हवाई अधोसंरचना का विस्तार केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के आर्थिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और निवेश के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करता है।

उन्होंने कहा कि रायपुर को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना और बिलासपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला कदम साबित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में विमानन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।