रायगढ़ के युवाओं और खिलाड़ियों के हक की हुंकार, 29 अगस्त से भूख हड़ताल के साथ आंदोलन का आगाज
रायगढ़ में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, खिलाड़ियों के लिए सम्मानजनक रोजगार और पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर नवनिर्माण संकल्प समिति ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। समिति के कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को सुबह 9 बजे गांधी प्रतिमा, एसपी कार्यालय के सामने एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी। समिति ने उद्योगों में स्थानीय रोजगार के आंकड़े सार्वजनिक करने, खिलाड़ियों के लिए रोजगार और सहायता की व्यवस्था करने तथा पर्यावरणीय गतिविधियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर रायगढ़ में अब आंदोलन की शुरुआत होने जा रही है। नवनिर्माण संकल्प समिति ने इन मांगों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन का ऐलान किया है। समिति के कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को सुबह 9 बजे गांधी प्रतिमा, एसपी कार्यालय के सामने एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी।
समिति का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति, संस्था या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं है, बल्कि रायगढ़ के स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों के रोजगार, सम्मान तथा भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रशासन और समाज के सामने मजबूती से रखने का प्रयास है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों, युवाओं और सामाजिक क्षेत्र के लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
समिति ने रायगढ़ में संचालित औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं की रोजगार में हिस्सेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं। रामचंद्र शर्मा का कहना है कि जब उद्योग रायगढ़ में स्थापित हैं और उन्हें स्थानीय स्तर पर जमीन, संसाधन तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, तो योग्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता क्यों नहीं मिलनी चाहिए। समिति ने उद्योगवार स्थानीय और बाहरी कर्मचारियों की संख्या, रिक्त पदों तथा आगामी भर्तियों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
समिति का कहना है कि रोजगार से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक होने से यह स्पष्ट हो सकेगा कि औद्योगिक विकास का स्थानीय युवाओं को कितना लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए स्पष्ट, पारदर्शी और निगरानी योग्य व्यवस्था बनाने की मांग की गई है।
आंदोलन में रायगढ़ के खिलाड़ियों के भविष्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। समिति के अनुसार जिले के कई खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रायगढ़ का नाम रोशन किया है। समिति की मांग है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को केवल पदक और सम्मान तक सीमित न रखते हुए पात्र खिलाड़ियों के लिए रोजगार, छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता और उद्योगों के सहयोग से अवसर उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था की जाए।
रोजगार के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी आंदोलन का प्रमुख विषय बनाया गया है। समिति ने प्रदूषण नियंत्रण की निगरानी व्यवस्था में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, उद्योगों के निरीक्षण और अधिकारियों के दौरे से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने तथा प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने की मांग की है।
समिति ने उद्योगों में संचालित इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रीसिपिटेटर यानी ESP की बिजली खपत को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की है। इसके अलावा फ्लाई ऐश के परिवहन और निपटान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। समिति जानना चाहती है कि फ्लाई ऐश कितनी मात्रा में और किस स्थान पर भेजी गई तथा उसके निपटान की व्यवस्था क्या है।
पेड़ों की कटाई के बदले किए गए पौधरोपण का भी हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की गई है। समिति के अनुसार पौधरोपण का स्थान, संख्या और वर्तमान स्थिति की जानकारी सामने आनी चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दावों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
नवनिर्माण संकल्प समिति ने स्थानीय रोजगार और खिलाड़ियों के कल्याण से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी के लिए जिला स्थानीय रोजगार एवं खिलाड़ी कल्याण समिति के गठन की मांग भी रखी है। इसमें जिला प्रशासन, उद्योग प्रतिनिधि, रोजगार विभाग, जनप्रतिनिधि, युवा प्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिकों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
रामचंद्र शर्मा ने कहा कि 29 अगस्त की भूख हड़ताल शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से मांगों को सामने रखने का पहला चरण है। आवश्यकता पड़ने पर आगे रैली और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने रायगढ़वासियों से 29 अगस्त को सुबह 9 बजे गांधी प्रतिमा के पास पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने और समर्थन देने की अपील की है।
समिति के सचिव दीपक मंडल ने कहा कि 29 अगस्त का कार्यक्रम शुरुआत है, मंजिल नहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को जोड़कर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और उद्योगों के विकास के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।