रायगढ़ पुलिस का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, गोवा से छह आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने मध्य भारत के बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए गोवा में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में हवाला लेनदेन, डिजिटल बेटिंग आईडी और करोड़ों रुपये के सट्टे के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

May 16, 2026 - 15:14
 0  4
रायगढ़ पुलिस का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, गोवा से छह आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत के सबसे बड़े सट्टा सिंडिकेट पर निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस ने गोवा में छापेमारी कर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज प्रकरणों की जांच के दौरान हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और बड़े नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच में रायगढ़, रायपुर, सक्ती, खरसिया, नागपुर और गोवा तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम गोवा पहुंची, जहां कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के विला पर दबिश दी गई। यहां से अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों ने कार्रवाई की भनक लगते ही कई डिजिटल दस्तावेज और हिसाब-किताब नष्ट करने की कोशिश भी की।

जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए वे “अभिनंदन बुक लाइन” से मैच का भाव लेकर विभिन्न ऐप और कॉलिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से नीचे सक्रिय खाईवालों और खिलाड़ियों तक पहुंचाते थे। आरोपियों द्वारा APK आधारित लाइव टीवी ऐप का उपयोग किया जाता था, जिसमें मैच का प्रसारण सामान्य टीवी से कुछ सेकंड पहले दिखाई देता था। इसी तकनीक का फायदा उठाकर सट्टे का संचालन किया जाता था।

पुलिस जांच में महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर ऑनलाइन बेटिंग आईडी, एक्सचेंज प्लेटफॉर्म और हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं। आरोपी बड़े नेटवर्क संचालक “मन्नू नथानी” गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस को मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर और हवाला ट्रांजैक्शन से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी रायगढ़, रायपुर और अन्य जिलों में सट्टा संबंधी मामले दर्ज हैं। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा, हवाला और तकनीक आधारित संगठित अपराध के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।